लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : जिले से बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां बच्चों द्वारा मौत से खिलवाड़ किया जा रहा है। इतना ही नहीं इस खिलवाड़ में अन्य लोगों को भी शामिल कर मौत को निमंत्रण दिया जा रहा है। दरअसल, बच्चों द्वारा नदी में बिजली के करंट से मछली मारा जा रहा है। मामला मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के कोयल नदी के तट का है। जहां बड़ी संख्या में बच्चे बिजली के करंट से मछली का शिकार कर रहे हैं।
ये बच्चे नदी के तटवर्ती क्षेत्र से बिजली का कनेक्शन लेते हैं और उससे 1200 से 2000 मीटर तक बिजली का तार जोड़कर तार को 15 से 20 फीट के डंडे में लपेटकर उसके मुहाने पर एक जाल तैयार किया जाता है। जिसे मछली के झुंडों के पास ले जाया जाता है। इस जाल से मछलियों को बिजली का झटका लगता है और वे मर जाती हैं। जिसके बाद मछलियों को बच्चों के झुंड में शामिल अन्य बच्चे उठा लेते हैं।

शिकार में शामिल सभी बच्चे नदी के तटवर्ती क्षेत्र के निवासी हैं। उल्लेखनीय है कि 2023-24 में गढ़वा के इलाके में बिजली के करंट से मछली मारने के दौरान तीन बच्चों की मौत हो गई थी। वहीं 2024 के शुरुआती महीने में पलामू में ही इसी तरह के मामले में मवेशियों की मौत हो गई थी। बावजूद इसके लोगों में भय नाम की कोई चीज नहीं है
बिजली विभाग ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। विभाग द्वारा सभी थानों को पत्र लिखकर ऐसे मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया जाएगा। विभाग का कहना है कि पुलिस की पेट्रोलिंग के दौरान अगर इस तरह की घटना को देखने पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस संबंध में बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता सह उपमहाप्रबंधक, संतोष कुमार ने कहा कि यह बेहद ही खतरनाक कदम है, बिजली के झटके से बच्चे या अन्य लोगों की मौत हो सकती है। नदी में बच्चों के अलावा कई लोग नहाने के लिए जाते हैं। बिजली की चपेट में आकर उनकी भी मौत हो सकती है। मामला बेहद गंभीर है। मामले में स्पेशल टीम तैयार की जा रही है। तटवर्ती क्षेत्र में बिजली के झटके से मछलियों के शिकार करने वाले बच्चों के परिजनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। बच्चों के परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तार भी जब्त किया जाएगा।