लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: शनिवार देर शाम पलामू के एक विश्वविद्यालय में नैक ग्रेडिंग को लेकर सीबीआई की टीम ने छापेमारी की है। टीम ने मौके से लाखों रुपये नकद और दस्तावेज जब्त किए हैं। इस दौरान सीबीआई और नैक की टीम ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव से पूछताछ भी की।
सीबीआई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सीबीआई ने नैक की टीम के साथ मिलकर 10 आरोपियों के खिलाफ छापेमारी की है। नैक रेटिंग को लेकर देश के 10 अलग-अलग हिस्सों चेन्नई, बेंगलुरु, विजयवाड़ा, पलामू, संबलपुर, भोपाल, बिलासपुर, गौतमबुद्ध नगर में छापेमारी की गई है। अलग अलग हुई इस छापेमारी में टीम ने 37 लाख नकद, छह लैपटॉप, एक आईफोन 16 प्रो मोबाइल समेत कई दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

बताते चलें कि पलामू के जिस विश्वविद्यालय में यह छापेमारी की गई वह सुदूरवर्ती इलाका है। सीबीआई और नैक की टीम दो घंटे तक विश्वविद्यालय में एक साथ रही। इस दौरान विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार से पूछताछ की गई और उनसे दस्तावेज भी लिए गए। टीम विश्वविद्यालय के निदेशक को बुला रही थी लेकिन वह मौके पर मौजूद नहीं थे।
दरअसल, यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन विभिन्न विश्वविद्यालयों को ग्रेडिंग देता है। यह ग्रेडिंग नैक की टीम देती है। ग्रेडिंग देने में गड़बड़ी सामने आने के बाद सीबीआई ने इस मामले में एंट्री ली है।