लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: विगत दिनों जिले के रंका थानांतर्गत रंका कला गांव के जेवर व्यवसायी शिव साव सोनी से सोना-चांदी के जेवर लूट लिया गया था। सोमवार को पुलिस ने इसका खुलासा कर दिया। पुलिस ने बताया कि लूटकांड का मुख्य सूत्रधार व्यवसायी के बेटे का दोस्त ही था। उसी ने अपराधियों के साथ योजना बनाकर व्यवसायी की रेकी कर लूटकांड को अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

जिसमें से दो रांची जिलांतर्गत नामकोम थाना के, एक पलामू और एक गढ़वा जिले का निवासी है। सोमवार को एसपी दीपक कुमार पांडेय ने प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में व्यवसायी के बेटे का दोस्त सह रंका थाना क्षेत्र के रंका हास्पिटल रोड निवासी अभिषेक कुमार चौधरी, पलामू जिलांतर्गत मेदिनीनगर थाना क्षेत्र के कुंड मोहल्ला निवासी सह अभिषेक का मौसेरा भाई विशाल कुमार चौधरी, रांची जिलांतर्गत नामकोम थाना क्षेत्र के खटाल टोला यदुवंशी नगर निवासी मनीष कुमार भुइयां उर्फ कुजुर और मिथुन कुमार महतो शामिल हैं।

गिरफ्तारी के बाद उनके पास से लूटे गए करीब 50 फीसदी जेवर, एक देसी कट्टा, 315 बोर का दो कारतूस व एक खोखा, लूट में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल के अलावा व्यवसायी से लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ है। एसपी ने बताया कि भुक्तभोगी व्यवसायी शिव के बेटे के दोस्त अभिषेक ने ही अन्य अपराधियों से संपर्क किया। व्यवसायी की रेकी कर जानकारी जुटाई। उसके बाद अपराधियों की मदद से लूट की घटना को अंजाम दिया। जेवर लूट की घटना के एक दिन पहले रात में अभिषेक व्यवसायी के घर में ठहरा और वहीं भोजन किया था। उसके बाद सुबह व्यवसायी अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में जेवर रखकर देहात में बेचने के लिए निकला।

उसी क्रम में रंका खुर्द मोड़ के समीप घात लगाए मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों ने व्यवसायी को चाकू का भय दिखाकर सोना-चांदी का जेवर लूट फरार हो गए। व्यवसायी घटना को लेकर रंका थाना में मामला दर्ज कराया गया था। मामले में रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गयी। अनुसंधान के क्रम में दो फरवरी को एसआईटी को सूचना मिली कि सभी अपराधी लूट का जेवर बांटने और किसी अन्य घटना को अंजाम देने की योजना बनाने के लिए रंका थाना क्षेत्र के तेनूडीह जंगल में आए हैं। जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तेनूडीह जंगल से चार अपराधियों को लूट के जेवर और अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में मनीष कुमार, मिथुन कुमार व विशाल कुमार चौधरी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। लूटा गये जेवर में से करीब आधा बरामद कर लिया गया है। वहीं शेष जेवर लूटकांड में शामिल एक अपराधी लेकर फरार है। वह गिरफ्तार अपराधी मनीष का बड़ा भाई है। पुलिस ने फरार अपराधी की गिरफ्तारी और लूटे गए जेवर को बरामद करने के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *