लाइव पलामू न्यूज: एक बार फिर से झारखण्ड में मौसम करवट ले सकता है। नौ फरवरी के बाद एक बार फिर से ठंड लौट सकती है। 8 और 9 फरवरी को रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों पर हल्के बादल छाने के आसार हैं। वहीं 10 फरवरी से बादल छंटने के साथ ही सर्द हवा एक बार फिर झारखंड में ठंड में इजाफा कर सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान राजधानी समेत राज्य का अधिकतम तापमान 24 से लेकर 32 डिग्री तक रह सकता है। साथ ही न्यूनतम तापमान नौ डिग्री से लेकर 16 डिग्री तक हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में मौसम में बदलाव होगा। इससे पूर्व मंगलवार को रांची और आसपास के जिलों में सुबह हल्का कुहासा नजर आया। राजधानी का मौसम पिछले 24 घंटों की तुलना में एक डिग्री कम रहा।

यहां न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि चतरा का न्यूनतम तापमान 9.3 और गुमला का 9.7 डिग्री रहा। शेष जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से अधिक रहा। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। राज्य में सरायकेला का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस सबसे अधिक रहा।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में 7 फरवरी तक मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। लेकिन आठ फरवरी से राजधानी समेत राज्य भर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंशिक बादल छा सकते हैं। इस कारण 10 फरवरी से तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *