लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: बुधवार देर रात डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर अपने परिचितों को शक्तिपुंज एक्सप्रेस पर चढ़ाने आये युवक का पैर ट्रेन की चपेट आकर कटकर अलग हो गया। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को आरपीएफ व जीआरपी जवानों की मदद से ममेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। युवक की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के नदीपार गांव निवासी 32 वर्षीय रामप्रवेश राम के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि रामप्रवेश बुधवार की रात अपने परिचितों को हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस पकड़ाने आया था। ट्रेन रात के 1.32 बजे डालटनगंज पहुंची। परिचितों का सामान चढ़ाने के क्रम में वो भी जनरल बोगी में सवार हो गये। इसी बीच ट्रेन खुल गयी। इससे पहले कि वे ट्रेन से उतरते ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली। इस कारण वे असंतुलित होकर प्लेटफार्म के नीचे गिर पड़े तथा ट्रेन की चपेट में आकर उनका एक पैर जहां कटकर अलग हो गया। वहीं दूसरा पैर भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद जीआरपी के आरपीएफ के जवानों ने घायल को अस्पताल भिजवाया।