लाइव पलामू न्यूज/लातेहार : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां शुक्रवार अहले सुबह करीब 4 बजे एनएच-75 पर बकोरिया ग्राम के पास पिकअप और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गयी। जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि एक बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गये।

मृतक की पहचान मजहर खान के रूप में हुई है। वहीं घायलों में सुहाना परवीन (8वर्ष) समेत चार लोग घायल हो गये। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से लातेहार सदर अस्पताल लाया गया। घायलों में रानी परवीन (13), गफ्फार (30), असबीना बीबी (38), जुलेखा बीबी (50) का नाम शामिल हैं। बच्ची सुहाना परवीन की गंभीर स्थिति देखते हुए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया।
वहीं बाकी घायलों का इलाज सदर अस्पताल लातेहार में चल रहा है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि एक पिकअप वैन में सवार होकर सभी लोग लेस्लीगंज में आयोजित उर्स कार्यक्रम में भाग लेकर लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र स्थित रेवत कला गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बकोरिया के पास पिकअप एक ट्रक से टकरा गयी।