लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: प्रेम प्रसंग में श्वेता उर्फ रूबी की हत्या की गई थी। पलामू के रेल थाना क्षेत्र के केतात में हुए श्वेता उर्फ रूबी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पूरे मामले में श्वेता के प्रेमी विकास को गिरफ्तार भी कर लिया है। दरअसल, प्रेमिका श्वेता दूसरी शादी करने वाली थी और उसका प्रेमी उसको ऐसा करने से मना कर रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई और यह बहस इतनी बढ़ी कि गुस्से में प्रेमिका ने प्रेमी को गाली दी। गाली सुनकर गुस्से में प्रेमी ने प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया।

विकास, श्वेता की भाभी का भाई है। बताते चलें कि श्वेता का शव केतात में गुरुवार को गांव में ही लहसुन के खेत में शव बरामद हुआ था। उसके गले में गहरे जख्म के निशान थे। पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए श्वेता के प्रेमी विकास को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में पलामू एएसपी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग में श्वेता की हत्या हुई है। उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। घटना वाले दिन श्वेता और उसके प्रेमी के बीच तीखी बहस हुई थी। जिसके बाद विकास ने उसकी हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि पूछताछ में विकास ने बताया कि श्वेता ने उसे गाली दी। जिससे उसे गुस्सा आ गया था और फिर उसने यह कदम उठाया।
बता दें कि 2020 में श्वेता ने रेहला थाना क्षेत्र के ही एक युवक से प्रेम विवाह किया था। बाद में विवाद होने पर दोनों अलग हो गए थे। इधर श्वेता दूसरी शादी की तैयारी में थी। वहीं उसका प्रेम प्रसंग अपनी भाभी के भाई विकास के साथ भी चल रहा था। घटना वाले दिन विकास श्वेता से मिलने पहुंचा था। जहां दोनों की बहस हुई और विकास ने उसे मार डाला।