लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: 6 फरवरी को शहर के धोबी मुहल्ले से घर के बाहर खड़ी बाइक की चोरी कर ली गई थी। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने चोरी की गयी बाइक समेत पूर्व में रेलवे स्टेशन से चोरी की गयी मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

क्या है मामला:
दरअसल, 6 फरवरी को धोबी मुहल्ला के अभिषेक कुमार के घर के दरवाजे के पास खड़ी बाइक (जेएच03जी87061) चोरी कर ली गई थी। इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चोरों की पहचान पहाड़ी मुहल्ला निवासी 19 वर्षीय फारूख अंसारी एवं साईं मुहल्ला निवासी 29 वर्षीय मो. जीशान के रूप में हुई है।
इस संबंध में शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार ने बताया कि छह फरवरी को बाइक चोरी की घटना के बाद अनुसंधान के क्रम में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया गया। उनकी निशानदेही पर चोरी हुई बाइक एवं चोरी करने में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि चोरी के लिए इस्तेमाल बाइक रेलवे स्टेशन परिसर से चोरी की गयी थी।