लाइव पलामू न्यूज: पलामू प्रमंडल में अफीम की खेती नष्ट करने की समय सीमा तय की जा चुकी है। 16 फरवरी तक अफीम की खेती नष्ट करने का टास्क पुलिस को दे दिया गया है। 16 फरवरी के बाद पलामू जोनल आईजी सुनील भास्कर क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। 16 फरवरी के बाद अफीम की खेती पाये जाने पर संबंधित थाना क्षेत्र के थाना प्रभारी पर कार्रवाई होगी।

उल्लेखनीय है कि अफीम की खेती के खिलाफ पलामू, गढ़वा और लातेहार पुलिस अभियान चला रही है। विगत दो माह में 250 एकड़ से अधिक क्षेत्र में लगे फसल को नष्ट किया जा चुका है। इस मामले में अब तक पुलिस ने 50 से अधिक लोगों पर प्राथमिकी दर्ज किया है। वहीं आधा दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
अफीम की खेती के खिलाफ अभियान में एक संयुक्त टीम बनाई गई है। जिसमें वन विभाग और स्थानीय प्रशासनिक टीम भी शामिल है। पुलिस ने सोन नदी के दियारा इलाके में अपनी निगरानी बढ़ा दी है। कुछ दिन पहले सोन के दियारा में भी अफीम की खेती पकड़ी गई थी, जिसके बाद झारखंड और बिहार की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 20 करोड़ रुपये से अधिक की अफीम की फसल नष्ट की थी।
इस संबंध में आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि 16 फरवरी तक अफीम (अफीम) की खेती को नष्ट करने को कहा गया है, 16 फरवरी के बाद खेती पाये जाने पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी पर कार्रवाई की जायेगी। पुलिस द्वारा लगातार ग्रामीणों से अफीम की खेती नहीं करने की अपील की जा रही है।