लाइव पलामू न्यूज: गुरुवार को गुमला जिले के बसिया प्रखंड में उस वक्त बड़ा हादसा हो गया जब झारखंड सरकार की कृषि सहकारिता एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की बसिया दौरे पर जा रही थीं। दरअसल, मंत्री के काफिले में चल रही तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस दुर्घटना में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुप्रिया भगत, बीडीओ के वाहन चालक जगपाल कुमार, जेएसएलपीएस के बनमाली साहू, रामजड़ी निवासी जितेंद्र कुमार भगत और ज्योति लकड़ा घायल हो गएं।

बीडीओ समेत अन्य को आई है हल्की चोटें
बीडीओ और अन्य कर्मियों को हल्की चोटें आयीं हैं। बताते चलें कि बसिया की बीडीओ की टाटा सुमो कार में चल रहीं थीं। उनकी कार के आगे एक स्विफ्ट डिजायर कार चल रही थी। स्विफ्ट डिजायर कार क्षतिग्रस्त हो गयी है।
जोलो की ओर जा रहा था मंत्री का काफिला
मंत्री तिर्की का काफिला जोलो गांव की ओर जा रहा था। काफिले में गाड़ियों की लंबी कतार थी। इसी दौरान तुकई गांव स्थित स्कूल के समीप आगे जा रही एक कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इस कारण स्विफ्ट डिजायर के चालक को भी अचानक ब्रेक लगाना पड़ा।
इसी दौरान तेज रफ्तार में चल रही बसिया बीडीओ की कार ने सामने वाली कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षत्तिग्रस्त हो गये।