लाइव पलामू न्यूज/हजारीबाग : बुधवार को जिले के ईचाक प्रखंड के डुमरौन गांव में दो संप्रदाय के बीच हिंसक झड़प हुई। जिसमें 12 से अधिक लोगों के घायल हो गए। वहीं 6 से अधिक गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि यह विवाद महा शिवरात्रि के दौरान झंडा बांधने और साउंड सिस्टम लगाने को लेकर हुआ था। जिसके बाद यह घटना घटी। बताया जा रहा है कि आधा दर्जन से अधिक बाइक और एक कार जला दी गई। घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव है। घटना की सूचना पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहंची और वहां कैंप कर रही है।

प्रशिक्षु आईएएस सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, प्रशिक्षु आईपीएस श्रुति अग्रवाल सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ईचाक प्रखंड के पदाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल घटना स्थल पर मौजूद है। स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन नियंत्रण में है।

बताया जा रहा कि बुधवार को भारत चौक पर महा शिवरात्रि का भगवा पताका और लाउड स्पीकर लगाने को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद उपद्रवियों ने गुस्से में मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया। ऐसी सूचना है कि पहले दोनों संप्रदाय के बीच में सुलह हो गया था कि एक दिन के लिए लाउडस्पीकर लगाया जाएगा।

पूजा समाप्त होने के बाद लाउडस्पीकर उतार लिया जाएगा। इस दौरान थाना प्रभारी भी वहां उपस्थित थें। पुलिस स्थिति को शांत कराने में जुटी है। जिला प्रशासन ने आमलोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है।

इस संबंध में ईचाक प्रखंड के उप प्रमुख सत्येंद्र कुमार ने कहा कि यह विवाद 1 वर्ष पूर्व से ही चल रहा है। बताया जा रहा है कि डुमरौन गांव में अवस्थित राजकीय प्राथमिक उर्दू विद्यालय जहां विशेष समुदाय के लोगों ने मुख्य द्वार में दो मीनार का निर्माण कर दिया था।

एक समुदाय के लोगों ने इसका पूर्व में भी विरोध किया,लेकिन इस पर जिला प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके कारण स्थिति हमेशा तनावपूर्ण देखने को मिली। लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में शांतिपूर्ण व्यवस्था बहाल करवाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *