लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : शुक्रवार को उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में मत्स्य कृषकों को वेदव्यास आवास आवंटित किए जाने को लेकर लाभुकों के चयन के लिये चयन समिति के सदस्यों की बैठक का आयोजन किया गया । इस बैठक में 23 लाभुकों को वेदव्यास आवास आवंटित किए जाने का निर्णय लिया गया।

वित्तीय वर्ष 2024-25 में वेदव्यास आवास निर्माण योजना अंतर्गत सामान्य कैटेगरी में 20 एवं अनुसूचित जाति कैटेगरी में 3 का लक्ष्य प्राप्त था। इस आलोक में लाभुकों से आवेदन पत्र प्राप्त किया गया था।चयन समिति द्वारा लक्ष्य के अनुरूप सभी लाभुकों का चयन किया गया। वहीं अनुसूचित जनजाति को भी सामान्य कैटेगरी से आवास निर्माण का निर्णय लिया गया।
मौके पर उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि मत्स्य कृषकों को आवास योजना का लाभ सहजता से देना सुनिश्चित करें। योजनाओं का लाभ देने में लाभुकों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। वहीं जिला मत्स्य पदाधिकारी मो. कमरू जमां ने बताया कि वेदव्यास आवास निर्माण योजना अंतर्गत जिला मत्स्य कार्यालय को लाभुकों आवेदन प्राप्त हुआ था।
जिले में मत्स्य पालन से जुड़े मत्स्य कृषक, जिनके पास पक्का आवास नहीं है, उन्हें वेद व्यास आवास आवंटित किए जाने का प्रावधान है। इस दौरान विधायक के प्रतिनिधिगण, जिला मत्स्य पदाधिकारी मो. कमरू जमां, कोषागार पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी दीपक कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी आदि उपस्थित थें।