लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा : बुधवार को साप्ताहिक कार्यक्रम “कॉफ़ी विद एसडीएम” में 71 दिव्यांगजन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने एसडीएम के समक्ष अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। इस विशेष परिचर्चा में स्वास्थ्य, समाज कल्याण और सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने दिव्यांगजनों को कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान एसडीएम संजय कुमार ने दिव्यांगजनों से उनकी पारिवारिक, आर्थिक और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर चर्चा की और प्रशासन से उनकी अपेक्षाओं को जाना। बैठक के दौरान दिव्यांगजनों ने ट्राई साइकिल, आवास, राशन कार्ड और स्वरोजगार सहायता से जुड़े मुद्दे उठाए। एसडीएम ने दिव्यांगों की कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया ।
वहीं अन्य मामलों के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।दिव्यांगजनों की मुख्य समस्याओं में ट्राई साइकिल, आवास, राशन कार्ड और स्वरोजगार शामिल है। बैठक में पहुंचे सभी दिव्यांगों को एसडीएम संजय कुमार ने सम्मान स्वरूप अंग वस्त्र भेंट किए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता कमजोरी नहीं है, बल्कि विशेष योग्यताएं होती हैं, जिन्हें पहचानकर आगे बढ़ना चाहिए।दिव्यांगजनों ने इस कार्यक्रम को यादगार अनुभव बताया।