लाइव पलामू न्यूज : मंगलवार की सुबह पलामू के चैनपुर के अंधारी ढोडा में पुलिस ने मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू को ढेर कर दिया। बताया जा रहा है कि अमन साहू को छत्तीसगढ़ से झारखण्ड लाया जा रहा था। इसी दौरान अमन साहू गिरोह के अपराधियों ने पुलिस के कारकेड पर बम से हमला किया। जिसके बाद अमन साहू मौका पाकर एक पुलिस जवान से उसका इंसास रायफल छिन लिया और उसे गोली मारकर भागने लगा।

जिसके बाद एटीएस की टीम एक्शन मोड में आयी और अमन साहू को सरेंडर करने को कहा। लेकिन अमन साहू गोलीबारी करते हुए भागने लगा। जिसके बाद एटीएस की टीम द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अमन साहू को गोली लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी।

वहीं गोलीबारी में घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताते चलें कि रायपुर जेल में बंद अपराधी अमन साहू को पिछले तीन साल में दस बार एक जेल से दूसरे जेल में शिफ्ट किया गया था।

बावजूद इसके उसका आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा था। वह जेल से ही अलग-अलग जिलों के कारोबारियों को लगातार धमकी देकर और रंगदारी वसूला करता था।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों अमन साहू ने हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को बंदी पत्र लिखकर दावा किया था कि उसकी हत्या की साजिश की जा रही है। उसने आरोप लगाया था कि साजिश में पुलिस अफसर, कोयला माफिया व राजनेता शामिल हैं। साजिशन उसे एक से दूसरे जेल में शिफ्ट किया जा रहा है।‌

 

बता दें कि 24 सितंबर 2019 को रामगढ़ जेल से अमन साहू को हजारीबाग पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं था। उसे जमानत पर छोड़ा गया था। हजारीबाग के उरीमारी थाना क्षेत्र में एक झामुमो नेता की हत्या मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।

इसी दौरान 28-29 सितंबर 2019 की रात नाटकीय तरीके से अमन बड़कागांव थाने से फरार हो गया। जिसके बाद 2020 में रांची के तत्कालीन एसएसपी सुरेंद्र झा द्वारा गठित पुलिस की टीम ने अमन साहू को गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *