लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा : एसडीएम ने साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” के तहत अनुमंडल क्षेत्र के 40 निजी विद्यालयों के संचालकों/प्रबंधकों को आमंत्रित कर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।इस दौरान उन्होंने अभिभावकों की ओर से प्राप्त शिकायतों को रखते हुए फीस वृद्धि, एनुअल चार्ज, बार-बार किताबों के बदलाव, ओवरलोडिंग, स्कूल बसों की सुरक्षा, शिक्षा का अधिकार जैसे विषयों पर चर्चा की।

विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने स्कूल परिसर और उसके आसपास की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि छुट्टी के समय स्कूल के बाहर असामाजिक तत्वों की भीड़, बाइकर्स गैंग की मौजूदगी, स्कूल बसों का पीछा करने जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। कुछ विद्यालयों ने शिकायत किया कि स्कूल के सामने अवैध रूप से मांस-मछली और तंबाकू उत्पादों की दुकानें संचालित किए जा रहे हैं। जिन्हें जल्द से जल्द बंद करवाया जाए।
वहीं कुछ स्कूल संचालकों ने शिकायत किया कि उन्हें हर वर्ष फायर, बिल्डिंग और वाटर डिपार्टमेंट से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना पड़ता है, जिसके लिए अनावश्यक चक्कर लगाने पड़ते हैं और कई बार अवैध राशि भी मांगी जाती है। इस पर एसडीएम ने जांच का आश्वासन दिया।
वहीं विद्यालयों ने नई टोल व्यवस्था में स्कूल बसों को छूट देने की भी मांग की जिससे अभिभावकों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ न पड़े। सभी विद्यालयों ने एसडीएम को आश्वस्त किया कि वे अपने स्कूल बसों में क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाएंगे और सुरक्षा नियमों का पालन करेंगे।
इस संवाद कार्यक्रम में आरके पब्लिक स्कूल, शांति निवास, सेंट पॉल एकेडमी,शांतिनिकेतन, ब्राइट फ्यूचर, ईडन गार्डन, सीपी मेमोरियल, सूरत पांडेय, बीएनटी संत मैरी, बीएसकेडी, ज्ञान निकेतन, साउथ पॉइंट आदि विद्यालय ने भाग लिया।