लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां छतरपुर थाना क्षेत्र की सिलदाग पंचायत के बसडीहा गांव के जंगल में पत्थर माफियाओं ने वन विभाग कर्मियों पर हमला किया। जिसमें नौ वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गएं। घायलावस्था में उन्हें छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया। घटना शनिवार रात्रि करीब 10 बजे की है।

दरअसल, सिलदाग पंचायत के एनएच-98 से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित बसडीहा के जंगल में बीती रात कुछ पत्थर माफिया ट्रैक्टर पर अवैध पत्थर लोड कर रहे थें। मामले में कार्रवाई करते हुए छतरपुर पूर्वी वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान 30 से 35 की संख्या में अज्ञात पत्थर माफियाओं ने लाठी, डंडे और कुल्हाड़ी से वन कर्मियों पर हमला कर दिया।
बताते चलें कि बंसडीहा तथा उसके आसपास के जंगलों में आए दिन पत्थर माफिया वन क्षेत्र से अवैध रूप से पत्थरों का उत्खनन कर रहे हैं। जिसके आलोक में कार्रवाई करते हुए पूर्वी वन क्षेत्र छतरपुर के वन कर्मी बसडीहा पहुंचे तो देखा कि अवैध पत्थर तोड़कर ट्रैक्टर पर लोड किया जा रहा है। विभाग द्वारा कार्रवाई के दौरान पत्थर माफियाओं ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में कुछ वनकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल कर्मियों में संतोष उरांव, पंकज कुमार, आशुतोष कुमार तिवारी, विनोद कुमार, राकेश पासवान, राहुल कुमार, लक्ष्मीकांत पांडेय, सक्सिज उरांव, अजय कुमार समेत अन्य का नाम शामिल है।