Road Saftey committee meeting : Latehar : गुरुवार को डीसी उत्कर्ष गुप्ता ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की। इस दौरान पूर्व की बैठक में लिए गए निर्णयों और निर्देशों के कार्यान्वयन की समीक्षा की गई। डीटीओ ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले बैठक में कुडू से लातेहार के बीच पूरी सड़क की मरम्मती एवं सड़क पर मौजूद गड्डों को भरने का निर्देश एनएचएआई को दिया गया था, परन्तु अभी भी कई जगहों पर गड्ढों की मरम्मती नहीं हुई है।

इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने शीघ्र सही तरीके से मरम्मती का कार्य कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा के क्रम में एनएचएआई को अमझरिया घांटी क्षेत्र में सभी अति घुमावदार सड़क पर 15 दिनों के अन्दर सर्कुलर मिरर एवं रम्बल स्ट्रिप लगाने का निर्देश दिया। वहीं सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमित वाहन जांच एवं नियम का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने, बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाने वाले एवं बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों का नियमित रूप से जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान उपायुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत को निर्देश दिया कि नगर निगम क्षेत्र में अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों पर नियमसंगत चालान करें।

ऑटो को निर्धारित ऑटो पार्किन जोन में ही पार्क करवाएं। जगह-जगह पर नो स्टॉपिंग का बोर्ड, जिले में बस अपने निर्धारित बस स्टैंड में ही सवारी लेने के लिए रुकें और जो इसका पालन नहीं करें ऐसे बस चालकों की पहचान करते हुए दंंड शुल्क लेने का निर्देश दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, अपर समाहर्ता रामा रविदास, सिविल सर्जन डॉ अवधेश कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ बिपिन कुमार दुबे, जिला परिवहन पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत राजीव रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन व कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण प्रभाकर सिंह समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *