GARHWA : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां मंगलवार की दोपहर उड़सुग्गी गांव में डोभा में डूबकर दो सगे भाई समेत चार मासूम की मौत हो गई। मृतकों में तीसरी कक्षा का छात्र लक्की कुमार (8), 5वीं का स्टूडेंट अक्षय कुमार (12), 6ठी का छात्र हरिओम चंद्रवंशी (13) और 9वीं क्लास का छात्र नारायण चंद्रवंशी (16) शामिल है।

हरिओम और नारायण चंद्रवंशी दोनों सगे भाई थे। वो बाबूलाल चंद्रवंशी के बेटे थे। बाबूलाल की शादी के 15 साल बाद काफी मन्नत के बाद दोनों बच्चों का जन्म हुआ था। वहीं, लक्की कुमार और अक्षय कुमार, बाबूलाल के भाई के नाती थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सभी बच्चे खेलने के लिए घर से निकले थे।
इसी दौरान गांव के पास एक डोभा के बगल में बने गड्ढे के पानी में वे सभी नहाने चले गए। गड्ढा गहरा होने के कारण सभी उसमें डूब गए। जब तक गांव वालों को इसकी जानकारी मिलती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इधर, घटना की सूचना पर एसडीओ संजय कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली।