CRIME NEWS : जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के रूद गांव में नाबालिग की टांगी से मार कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 16 वर्षीय कृष्णा भुईयां के रूप में हुई है। मामले में कार्रवाई करते हुए नाबालिग के दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि कृष्णा का परिवार शादी समारोह में भाग लेने के लिए रिश्तेदार के घर गया हुआ था। कृष्णा अपने दोस्तों के साथ जुआ खेल रहा था। जुआ में कृष्णा तीन हजार रुपए जीत चुका था। जीतने के बाद दोस्तों के साथ उसका विवाद हुआ था। इसी विवाद में दोस्तों ने कृष्ण की टांगी से वार कर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव कृष्णा के घर के बाहर फेंक दिया था। शादी समारोह से वापस लौटने के बाद परिजनों ने देखा कि कृष्णा का शव घर के बाहर पड़ा हुआ है। इधर घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले में छानबीन शुरू की।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि जुआ खेलने में हुए विवाद में कृष्णा भुईयां की हत्या की गई है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।