PALAMU : प्रखंड प्रमुख के विरुद्ध प्रस्तावित अविश्वास प्रस्ताव की आज बहुप्रतीक्षित कार्यवाही नीलाम्बर-पीताम्बर पुर प्रखंड कार्यालय के सभागार में होनी थी, लेकिन पंचायत समिति के सदस्यों की अपर्याप्त उपस्थिति के चलते यह प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो सकी और प्रस्ताव स्वतः ही रद्द कर दिया गया।

मौके पर मौजूद एसडीएम कर रही थी निगरानी :-
इसके मद्देनजर सुबह से ही सभागार में तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संबंधित कड़े प्रबंध किए थे। अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) सुलोचना मीणा स्वयं मौके पर मौजूद थीं। वे संपूर्ण घटनाक्रम की निगरानी करती रहीं।
साथ हीं लेस्लीगंज थाना प्रभारी राजू कुमार गुप्ता भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खासे सतर्क और सक्रिय नजर आए जो पूरी प्रक्रिया के दौरान लगातार प्रशासनिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए थे।
हालांकि जब निर्धारित समय पर बैठक शुरू होने की प्रक्रिया शुरू हुई, तब तक पंचायत समिति के सदस्यों की संख्या कोरम (न्यूनतम आवश्यक संख्या) से कम रही। इस स्थिति में नियमानुसार न तो प्रस्ताव पर चर्चा की जा सकती थी और न ही मतदान कराया जा सकता था।
अविश्वास प्रस्ताव पर कार्रवाई हेतु कोरम पूरा होना आवश्यक :-
इस बाबत SDM सुलोचना मीणा ने स्पष्ट किया कि, नियमों के तहत किसी भी अविश्वास प्रस्ताव पर आगे की कार्यवाही के लिए कोरम का पूरा होना आवश्यक है। चूंकि आज यह संख्या पूरी नहीं हुई, इसलिए प्रस्ताव निरस्त माना गया। यदि भविष्य में फिर से प्रस्ताव लाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रस्ताव के पुनः लाए जाने की संभावना पर टिकी नजरें :-
स्थानीय राजनीति में यह घटनाक्रम जहां एक ओर सत्ताधारी पक्ष के लिए राहत भरा रहा, वहीं विपक्षी खेमे में मायूसी का माहौल नजर आया। क्षेत्रीय विश्लेषकों के अनुसार, अब इस प्रस्ताव के पुनः लाए जाने की संभावना पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।