लातेहार : सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त  उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में पशुपालन, कृषि, सहकारिता व मत्स्य विभाग की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से कृषि विभाग अन्तर्गत संचालित योजनाओं यथा बीज विनिमय एवं वितरण की योजना, झारखण्ड कृषि ऋण माफी योजना, पशुपालन विभाग से संचालित योजना यथा मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम समेत मत्सय विभाग एवं सहकारिता विभाग अन्तर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया गया।

इस दौरान उपायुक्त ने पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के क्रम में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना अंतर्गत चयनित लाभुकों के बीच पशु वितरण सुनिश्चित करने तथा शेड वेरिफिकेशन करने का निर्देश दिया।

पशुधन योजना अंतर्गत अभी तक हुए प्रगति की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित सभी योजनाओं के संचालन के लिए लक्ष्य को पूर्ण करने और जन कल्याण के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गयी इन योजनाओं को शत प्रतिशत ग्रामीणों तक पहुंचा कर उन्हें इसका लाभ देने की बात कही।

कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024–2025 में क्रियान्वित योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत- प्रतिशत योग्य किसानों को योजना का लाभ प्रदान करने का निर्देश दिया गया। बीज विनिमय एवं वितरण की योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध बीज वितरण का कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी देवनाथ कुमार चौरसिया, जिला कृषि पदाधिकारी अमृतेश सिंह, जिला मत्स्य पदाधिकारी स्वर्णलता मधु लकड़ा, जिला सहकारिता पदाधिकारी श्रीमती जगमनी टोपनो, एवं संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *