Sub-zonal commander Gautam Yadav arrested : पलामू पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल, मुठभेड़ में घायल सब जोनल कमांडर गौतम यादव को उत्तर प्रदेश के बनारस में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी के सब जोनल कमांडर के पेट में गोली लगी थी।

नाम बदलकर करवा रहा था इलाज :-
पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि गौतम यादव, उत्तर प्रदेश के वाराणसी में अपना नाम बदलकर इलाज करवा रहा है। जिसके आलोक में एएसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और मामले का सत्यापन कर गौतम यादव को गिरफ्तार कर लिया।
अब उसे वाराणसी की कोर्ट में पेश किया जाएगा। गौतम यादव का पुलिस अभिरक्षा में ही इलाज किया जाएगा। उसकी हालत में सुधार होने के बाद उसे पलामू सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया जाएगा।
मुठभेड़ के दौरान लगी थी गोली :-
उल्लेखनीय है कि 15 मई को मनातू थाना क्षेत्र के होटवाग में पुलिस और टीएसपीसी के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसके बाद, पुलिस ने एके-47 की गोली समेत कई सामग्री बरामद किया था। इसी दौरान गौतम यादव को पेट में गोली लगी थी। गौतम अपने करीबी रिश्तेदार के साथ उत्तर प्रदेश के वाराणसी इलाज कराने के लिए भाग गया था। वाराणसी में वह मिथिलेश यादव के नाम से अस्पताल में इलाज करवा रहा था।
‘सूचना मिलने पर पलामू पुलिस ने वाराणसी जाकर गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। गौतम यादव नाम बदलकर इलाज करवा रहा था। मुठभेड़ से जुड़ी कई बातों की जानकारी मिली है। इसके बाद आगे का अभियान चलाया जा रहा’: रीष्मा रमेशन, एसपी