लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां नावाजयपुर थाना क्षेत्र के धांगरडीह में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ है। मृतका की पहचान ऋषिका सिन्हा के रूप में हुई है। वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी। नवविवाहिता के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

17 मई को हुई थी शादी :-
बताते चलें कि ऋषिका सिन्हा पटना की रहने वाली थी और दिल्ली में रहकर नौकरी करती थी। 17 मई को पलामू के नावाजयपुर थाना क्षेत्र के धांगरडीह निवासी अनुज कुमार सिंह के साथ उसकी शादी हुई थी।
18 मई को ऋषिका ससुराल आई थी। वहीं पति अनुज कुमार सिंह मध्य प्रदेश के जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में अधिकारी हैं। जिस इलाके में ऋषिका की शादी हुई थी वह इलाका सुदूरवर्ती एवं ग्रामीण इलाका है।
क्या है मामला : –
गुरुवार की रात खाना खाने के बाद सब सो गए थे, अचानक देर रात सभी ने देखा कि कमरे में ऋषिका का शव संदिग्ध हालत में पड़ा है। परिजनों ने तत्काल इसकी जानकारी स्थानीय थाना और ऋषिका के माता-पिता को दी। घटना की सूचना मिलते ही माता-पिता भी मौके पर पहुंच गए। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप :-
ऋषिका के परिजनों ने दहेज के लिए ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले का अनुसंधान कर रही है।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद ने बताया कि पुलिस पूरे मामले में सभी बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है। गांव में शादी होने के कारण लड़की नाराज चल रही थी।.पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।