GARHWA : विगत 15 मई को शहर के मेन रोड में होटल मालिक पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसके बाद पुलिस द्वारा चलाए गए त्वरित अभियान में चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या है मामला :-
दरअसल, गढ़वा मेन रोड स्थित विराट होटल के मालिक सोनू कुमार उर्फ सन्नी पर कुछ अपराधियों ने उनके घर पर गोली चलाई थी। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार के जानमाल की क्षति नहीं हुई थी। लेकिन इससे शहर क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। घटना के उद्भेदन हेतु पुलिस अधीक्षक गढ़वा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार :-
घटनास्थल से फायरिंग के खोखे को जब्त किया। इसी क्रम में 23 मई को रात्रि आठ बजे गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी सुशील कुमार तिवारी उर्फ छोटू तिवारी को एक पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया। उसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसी पिस्टल से होटल मालिक पर फायरिंग की गई थी।
शराब की कीमत अधिक मांगे जाने पर हुआ विवाद :-
उसने इस घटना में दीपक तिवारी, राजन तिवारी, रवि चंद्रवंशी और रितेश रंजन उर्फ बम्पी पटवा के शामिल होने की बात भी स्वीकार की। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि होटल मालिक ने शराब की कीमत अधिक मांगी थी। जिसके बाद विवाद हुआ था।
एक अभियुक्त की गिरफ्तारी शेष :-
छोटू तिवारी अपने दोस्तों के साथ रात 11 बजे शराब लेने होटल मालिक के घर गए थे, जहाँ तीन बोतल बियर के लिए ₹600 मांगे गए। रवि चंद्रवंशी ने ₹500 फोन पे से भुगतान किया। ₹40 कम होने पर दोनों पक्षों के बीच गालीगलौज हुई और विवाद बढ़ गया और छोटू तिवारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। फिलहाल अभियुक्त दीपक तिवारी की गिरफ्तारी शेष है।
वहीं छापामारी टीम द्वारा अपराधियों के पास से उनकी निशानदेही पर 01 देशी पिस्टल, 01 लोडेड देशी कट्टा, 01 जिंदा गोली एवं घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल को बरामद किया गया। इस सम्बन्ध में गढ़वा थाना कांड संख्या 230/25 एवं 240/25 दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अभियुक्तों का पूर्व से है आपराधिक इतिहास :-
इन अभियुक्तों का पूर्व आपराधिक इतिहास रहा है। छोटू तिवारी पर गढ़वा और चैनपुर थानों में हत्या प्रयास, बलात्कार, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
ये थे छापेमारी दल में शामिल :-
छापामारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीवी मंडल, गढ़वा थाना प्रभारी पुअनि बुजकुमार, पुअनि शाह, पुअनि गुलशन कुमार गौतम, पुअनि जनार्दन राउत, सअनि अभिमन्यु कुमार सिंह, सअनि मनोज यादव, आ–687 अभिमन्यु कुमार, आ–483 बनवारी प्रसाद गुप्ता, आ–925 कृष्णा राम, आ–1004 राजेश माल और चालक रामाशंकर राय शामिल थें।