गढ़वा : शनिवार की रात जिला मुख्यालय गढ़वा के अंतराज्यीय बस स्टैंड पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनी गई। दरअसल देर रात 10 बजे बस में यात्री को बैठाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। घटना में एक एजेंट गंभीर रुप से घायल हो गया।

घायल एजेंट की पहचान सदर थाना क्षेत्र के भरत केशरी के 30 वर्षीय पुत्र सोनू केशरी के रुप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सोनू यात्रियों को बस में बैठा रहा था। इसी दौरान दो व्यक्ति वहां पहुंचे और यात्रियों को बैठाने से मना किया। जिसका सोनू ने विरोध किया। जिस पर एक व्यक्ति ने पिस्टल से मार निकाला और उसके बट से सोनू पर वार कर दिया जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया।
इतना ही नहीं हमलावर ने धमकी दी कि घटना की सूचना किसी को देने पर जान से मार दिया जाएगा। डराने के मकसद से हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की। फायरिंग की आवाज से बस स्टैंड में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पर आसपास के दुकानदारों ने घायल सोनू को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
इधर, सोनू के परिजनों ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी बृज कुमार ने बताया कि पैसेंजर बैठाने को लेकर दो एजेंटों में विवाद हुआ था। गोली चलने की बात की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।