लातेहार : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां अनियंत्रित पिकअप ने सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं को कुचल दिया। जिससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। हादसा लातेहार के नेतरहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत आराहंस गांव की है। मृतक महिलाओं की पहचान आराहंस निवासी पुष्पा एक्का और सुषमा एक्का के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दोनों मृतक आपस में ननद भाभी थीं। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने नेतरहाट- महुआडांड़ सड़क को जाम कर दिया। बताया जा रहा है कि आराहंस निवासी पुष्पा एक्का और सुषमा एक साथ साप्ताहिक बाजार जाने के लिए घर से निकली। दोनों सड़क के किनारे खड़ी होकर गाड़ी का इंतजार कर रही थी, इसी दौरान नेतरहाट की ओर से एक तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों महिलाओं को कुचल डाला।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों महिलाओं की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। हादसे की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क जाम कर दिया। वहीं घटना की सूचना पर नेतरहाट थाना प्रभारी अभिषेक सिंह और महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार सदलबल घटनास्थल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
जाम कर रहे ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा और नौकरी दी जाए। रास्ते पर चलने वाले गाड़ियों की रफ्तार पर भी अंकुश लगाया जाए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वास्त किया कि सरकारी प्रावधान के तहत जो भी हो सकेगा वह मृतक के परिजनों को दिया जाएगा। इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों महिलाओं के अलावा एक अन्य महिला भी इनके साथ ही घर से बाजार जाने के लिए निकली थी।दोनों महिलाएं सड़क के किनारे खड़ी थी और बातचीत कर रही थीं। तीसरी महिला इनके पास आ ही रही थी लेकिन तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क किनारे खड़ी दोनों महिलाओं को रौंद डाला।