WEATHER REPORT : राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा, मानो कर्फ्यू लगा हो। इधर, मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे को अत्यंत खतरनाक घोषित करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार आज हजारीबाग, साहिबगंज, गोड्डा, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, चतरा, पलामू, गुमला, कोडरमा और गिरिडीह जिले में लू चलने और भीषण धूप की संभावना है। इन इलाकों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है और बारिश की कोई संभावना नहीं है। नागरिकों को हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए अत्यंत सतर्क रहने की आवश्यकता है।
वहीं राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम राहत देने वाला साबित हो सकता है। रांची, लोहरदगा, रामगढ़, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में आज हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना हैं। जिसके चलते तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट संभव है।
अधिकतम व न्यूनतम तापमान :
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज : 36°C : 26°C
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला : 36°C : 27°C
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू : 39°C : 29°C
पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, सिमडेगा : 39°C : 28°C