सतबरवा(पलामू): गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे “नशे को ना, जीवन को हां” अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीयकृत प्लस टू सर्वोदय उच्च विद्यालय सतबरवा में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

यह प्रतियोगिता 6 जून से 26 जून तक राज्यभर में चल रहे निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन की रोकथाम कार्यक्रम की निर्धारित रूपरेखा के तहत आयोजित की गई।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, बचाव के उपाय, तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी गई। प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि इसमें पूछे गए प्रश्न संपूर्ण जिले में एक समान थे, जिन्हें जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराया गया था।
सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में जिला प्रशिक्षक अभिषेक तिवारी और दिलीप कुमार ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणाम, ड्रग्स और नशीली दवाओं के प्रभाव एवं सावधानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
प्रशिक्षक अभिषेक तिवारी ने कहा, “नशाखोरी एक सामाजिक अभिशाप है, जिससे मानव संसाधन को गंभीर क्षति होती है।”वहीं कार्यक्रम में उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा, “नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।”
प्रशिक्षकों ने यह भी बताया कि इस तरह की क्विज प्रतियोगिताएँ सकारात्मक प्रतिस्पर्धा, शैक्षणिक जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता, तथा स्वस्थ वैकल्पिक सोच को जन्म देती हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक सत्य प्रकाश शर्मा, रामरक्षा प्रसाद, सुबोध कुमार, रवि रंजन कुमार, भीम यादव, मेघा कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।