पलामू : अंततः जिले में फोर्थ ग्रेड बहाली के विज्ञापन को स्थगित कर दिया गया। सरकार ने यह फैसला लिया है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले 585 फोर्थ ग्रेड के पद पर बहाली के लिए पलामू में विज्ञापन जारी किया गया था।

झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बहाली को स्थगित करने के मामले की पुष्टि की है। 13 जून को जारी नोटिफिकेशन के अनुसार समाहरणालय में 132, जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय 273, स्वास्थ्य विभाग में 151, जिला सहकारिता कार्यालय में तीन और वन प्रमंडल कार्यालय में 26 पदों पर बहाली होनी थी।
विज्ञापन जारी होने के बाद से ही विवाद शुरू हो गया था। पूरे मामले में शुक्रवार को कुछ अभ्यर्थियों ने कैबिनेट की बैठक के बाद सीएम हेमंत सोरेन को ज्ञापन देकर वित्त मंत्री को भी पूरे मामले की जानकारी दी थी। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि पूरा मामला उनके संज्ञान में है। इस विज्ञापन में पाली के लिए मैट्रिक के अंक को मेरिट बनाया गया था। वहीं स्थानीयता को लेकर भी सवाल उठे थें।
इस बहाली को लेकर विज्ञापन जारी होने के साथ सुप्रीम कोर्ट के आदेश के द्वारा बर्खास्त 251 अनुसेवक और युवक आंदोलन पर उतर गए थे। बर्खास्त अभ्यर्थियों ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से भी मुलाकात की थी। वही युवकों के एक दल ने समाहरणालय का घेराव भी किया था। वहीं चरणबद्ध आंदोलन की भी घोषणा की थी।