गढ़वा : सोमवार की अहले सुबह शहर के परमेश्वरी मेडिकल हॉल में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। जिसके बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल के समक्ष मुख्य सड़क जाम कर दिया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक सड़क जाम और शव नहीं उठाने की चेतावनी दी। जिसके बाद थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तत्पश्चात परिजनों द्वारा जाम हटाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दरअसल, मृतका 26 वर्षीय प्रिया, मझिआंव निवासी संजू कुमार सिंह उर्फ छोटू की पत्नी थीं। संजू एसएसबी के जवान हैं। परिजनों ने प्रिया के ससुराल वालों पर दहेज को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रिया की हत्या कर उसे आत्महत्या का रुप देने का प्रयास किया गया है।

क्या कहते हैं मृतका के परिजन: 

इस संबंध में मृतका के चाचा अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल को भतीजी की शादी हिंदू रीति रिवाजों से हुई थी। उसके बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग प्रिया को दहेज़ को लेकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थें। रविवार की सुबह भी उसके साथ मारपीट की गई थी और उसे खाना नहीं दिया गया था।

परिजनों ने बताया कि रविवार की रात 8 बजे उससे बात हुई थी। जिसके बाद रात के करीब 10 बजे किसी अन्य के माध्यम से पता चला कि वह अस्पताल में भर्ती है। परिजनों ने प्रिया के ससुर, जेठ-जेठानी, ननद पर जबरन जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *