पलामू : रविवार देर रात जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत पाल्हे गांव में मोहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच अचानक विवाद हो गया। जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में प्रवीण सिंह और गौतम गोविंद सिंह नामक दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि जुलूस के रूट को लेकर पहले से ही विवाद चला आ रहा था। इसी मुद्दे पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शुक्रवार को पंचायत भी बुलाई गई थी। बावजूद इसके रविवार को जुलूस जब विवादित मार्ग से निकला, तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद ने उग्र रूप ले लिया।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी : 

घटना की सूचना पर पलामू उपायुक्त समीरा एस, पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, एसडीएम सुलोचना मीणा, सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आसपास के थानों से भी फोर्स मंगाई गई है।

इस बाबत एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि “जुलूस के दौरान कुछ विवाद हुआ था, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। स्थिति अब पूरी तरह से शांतिपूर्ण है। पुलिस मौके पर डटी हुई है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *