मेदिनीनगर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस की अध्यक्षता में बुधवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गयी।बैठक में सर्वप्रथम उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी जितेंद्र यादव से जून महीने में हुए सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी ली,बताया गया कि जून में 25 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं जिनमें 19 लोगों की मृत्यु व 21 लोग घायल हैं।

समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की अद्यतन स्थिति,ब्लैक स्पॉट,अतिक्रमण सड़क जागरूकता कार्यक्रम पर समीक्षा करते हुए विभिन्न अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिया।इस दौरान पूर्व की बैठक में दिये गये निर्देशों का अनुपालन की भी समीक्षा की गयी।
जून माह में दो पहिया वाहनों से 11 लाख रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया
बैठक में उपायुक्त ने वाहन जांच अभियान की समीक्षा की,इसपर जिला परिवहन पदाधिकारी जितेंद्र यादव ने बताया कि वाहन जांच में जून माह में कुल 770 दो पहिया वाहनों से 11 लाख 61 हज़ार रुपये जुर्माने के रूप में वसूली की गयी है।उपायुक्त ने डीटीओ को लगातार वाहनों की जांच करने पर बल दिया।
एक्सीडेंट प्रोन एरिया में सीसीटीवी लगाने पर चर्चा
बैठक में उपायुक्त ने तीनों एसडीओ को अपने क्षेत्र अंतर्गत वैसे स्थान जहां आये दिन सड़क दुर्घटना हो रही है और जहां सीसीटीवी अधिष्ठापन की आवश्यकता है।इससे संबंधित प्रतिवेदन भेजना सुनिश्चित करें ताकि अग्रेतर कार्रवाई की जा सके।बैठक में समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पाया कि सड़क दुर्घटनाएं के विरुद्ध गुड सेमेरिटन योजना के लाभुक बेहद कम है।
ऐसे में उन्होंने सिविल सर्जन को मरीज को हॉस्पिटल लेकर आने वाले व्यक्ति का नाम,पता व मोबाइल नंबर दर्ज कर उसकी विवरणी जिला परिवहन कार्यालय भेजने की बात कही ताकि उस व्यक्ति को गुड सेमेरिटन योजना से लाभान्वित किया जा सके।बैठक में पाया कि गुड सेमेरिटन योजना के तहत सभी सीएचसी को राशि उपलब्ध करा दी गयी है।
इसी क्रम उन्होंने निजी हॉस्पिटल्स द्वारा आईआरएडी के तहत एंट्री नहीं होने का मामला उठाया गया,इसपर डीसी ने डीआईओ को जिला स्तर पर इसका प्रशिक्षण करवाने की बात कही।हिट एंड रन के मामलों की समीक्षा में बताया गया कि 52 लोगों को मुआवजा दिया गया है।
इसी तरह ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान, स्कूलों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आदि की समीक्षा की गयी।मौके पर पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन,सदर एसडीओ,जिला परिवहन पदाधिकारी समेत सड़क सुरक्षा समिति के विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे।