CRIME NEWS : बुधवार की रात करीब 6-7 बजे जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोरी कोल साइडिंग के पास अपराधियों ने रंगदारी वसूलने के लिए एक हाइवा में आग लगा दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि अपराधी टोरी कोल साइडिंग के पास पहुंचे और कोयला गिराने के बाद साइडिंग से थोड़ी दूर खड़े एक हाइवा को रोका और उसमें आग लगा दी। इतना ही नहीं घटना के बाद अपराधियों ने गोलीबारी भी की और मौके से फरार हो गएं।

इधर घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और छापेमारी भी की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपराधी वहां से फरार हो चुके थें।

अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इस घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है। नौशाद आलम,डीआईजी

डीएसपी अरविंद कुमार ने घटना के पीछे राहुल दुबे गैंग का हाथ बताया है।

कोयला व्यापारियों को अपराधियों ने दी थी धमकी : 

बताते चलें कि तीन दिन पहले भी अपराधियों ने बरियातू थाना क्षेत्र के फुलबसिया रेलवे साइडिंग के पास एक हाइवा जला दिया था। घटना के बाद अपराधियों ने पर्चा फेंककर घटना की ज़िम्मेदारी भी ली थी। वहीं कुछ कोयला व्यापारियों को अपराधियों ने धमकी भी दी थी।

रंगदारी वसूली को लेकर घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका :

जिसके बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने कोयला व्यवसाय से रंगदारी वसूलने के इरादे से दहशत फैलाने के लिए इस तरह की घटना को अंजाम दिया होगा। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों में लातेहार पुलिस द्वारा अपराधियों और नक्सलियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई के कारण जिले में आपराधिक घटनाओं में काफी कमी आई थी।

लेकिन पिछले दो-तीन दिनों में एक बार फिर अपराधी सक्रिय हो गए हैं। तीन दिनों के अंदर दो अलग-अलग कोल साइडिंग क्षेत्रों में हाइवा में आग लगाकर अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *