सतबरवा(पलामू): सतबरवा के मेला टांड़ स्थित एक मेडिकल दुकान के संचालक सुनील कुमार से शनिवार को साइबर अपराधियों ने 80 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित सुनील कुमार ने बताया कि शाम करीब 3 बजे तीन युवक उनकी दुकान के सामने खड़े थे। उनमें से एक ने पानी मांगा, जिसे उन्होंने दे दिया।

इसके बाद एक युवक ने खुद को “फोन पे” से जुड़ा कर्मी बताते हुए कहा कि वे ऐसे सॉफ्टवेयर पर काम करते हैं जिससे “फोन पे” से भुगतान करते समय जो आवाज़ आती है और जिसके नाम पर मासिक शुल्क कटता है, वह आवाज़ होगी और चार्ज भी नहीं कटेगा। उन्होंने पहले 19 रुपये का ट्रांजैक्शन करवाया, फिर सुनील कुमार से उनका मोबाइल फोन मांग लिया। मोबाइल में कुछ छेड़छाड़ करने के बाद उन्होंने कहा कि अब से आवाज भी आएगी और कोई मासिक चार्ज भी नहीं कटेगा।
इसके बाद तीनों युवक एक चार पहिया वाहन में सवार होकर मेदिनीनगर की ओर रवाना हो गए। कुछ ही देर में सुनील कुमार के एसबीआई खाता संख्या 31085410076 से तीन बार में — 25 हजार, 25 हजार और 30 हजार रुपये , कुल 80 हजार रुपये कट गए।
घटना की सूचना पीड़ित ने तुरंत सतबरवा थाना को दी, साथ ही साइबर थाना मेदिनीनगर में भी शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है। स्थानीय लोगों का कहना है कि साइबर ठग कई दुकानदारों से “फोन पे अपडेट” के नाम पर संपर्क कर रहे हैं, जिससे व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है।