LIVE PALAMU NEWS DESK : ईडी ने छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सह कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले सुबह से ही ईडी भूपेश बघेल और उनके बेटे चैतन्य बघेल के ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

बताया जा रहा है कि ईडी ने छापेमारी के दौरान शराब घोटाले से जुड़े कई अहम दस्तावेज भी जब्त किये हैं। उल्लेखनीय है कि भूपेश बघेल ने खुद अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर कर ईडी की छापेमारी की जानकारी देते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया था।

उन्होंने लिखा ईडी आ गई। आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। आज अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा उठना था। साहेब ने भिलाई निवास में ईडी भेज दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पर्यावरण से जुड़े गंभीर मुद्दे पर ध्यान भटकाने के लिए ईडी का इस्तेमाल किया जा रहा है।

ईडी की जांच में यह सामने आया है कि छत्तीसगढ़ में 2019 से 2022 के बीच एक संगठित शराब सिंडिकेट ने सरकार को करोड़ों रुपये का चूना लगाया। इस घोटाले से करीब 2161 करोड़ रुपये की अवैध कमाई हुई, जिसे Proceeds of Crime बताया गया है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस घोटाले की कमाई से आने वाली रकम से हर महीने आबकारी विभाग के तत्कालीन मंत्री कवासी लखमा को नकद रकम दी जाती थी। सिंडिकेट में अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा जैसे कई प्रभावशाली नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *