मेदिनीनगर : हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस प्रशासन की ओर से शनिवार को महुडंड के लोहबंधा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में जन समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पलामू के एएसपी राकेश सिंह, हुसैनाबाद के एसडीएम ओमप्रकाश गुप्ता, एसडीपीओ मोहम्मद याकूब सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शिविर का उद्देश्य था – प्रशासनिक सेवाओं को सीधा ग्रामीणों तक पहुँचाना, उनकी समस्याएं सुनना और त्वरित समाधान करना। यह शिविर सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चला, जिसमें लगभग 350 से 400 ग्रामीणों ने भाग लिया। जमीन विवाद, वृद्धा पेंशन, शिक्षा, आंगनबाड़ी, नक्सली आत्मसमर्पण योजना जैसी जनसमस्याओं को प्राथमिकता से सुना गया।

शिविर के दौरान पूर्व नक्सली अजय यादव की पुत्री नेहा ने कहा “नक्सलवाद हमारे समाज के लिए एक गंभीर और घातक बीमारी है। मेरे पिता भी कभी मुख्यधारा से भटक गए थे और नक्सलियों की राह पर चल पड़े। लेकिन हमें मिला क्या? एक दिन वह मारे गए और हमारे सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया।

बचपन से लेकर अब तक हमने सिर्फ संघर्ष और खालीपन देखा है। मैं आज हर युवा से कहना चाहती हूँ कि नक्सलवाद से दूर रहें और सरकार की योजनाओं से जुड़कर अपनी जिंदगी बेहतर बनाएं। शिक्षा और विकास ही असली रास्ता है। मैं पलामू पुलिस का धन्यवाद करती हूँ, जो आज हमारे गांव तक पहुंच रही है, हमारी बात सुन रही है और हमें सही दिशा दिखा रही है।”

 

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा विद्यालय के बच्चों के बीच खेलकूद सामग्री जैसे बॉल, बल्ला, विकेट आदि का वितरण भी किया गया, जिससे बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई और माहौल और भी जीवंत हो उठा। पलामू पुलिस इस तरह के शिविरों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने, संवाद स्थापित करने और विश्वास मजबूत करने का निरंतर प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *