मेदिनीनगर : केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट फेडरेशन, पलामू के तत्वावधान में रविवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक का आयोजन अग्रवाल डिस्ट्रीब्यूटर, मेदिनीनगर में किया गया। बैठक में जिले भर के थोक दवा विक्रेताओं ने भाग लिया। इसकी अध्यक्षता फेडरेशन के अध्यक्ष रमेश शुक्ला ने की, जबकि संचालन जिला सचिव अमिताभ मिश्रा ने किया।

बैठक में फेडरेशन के अध्यक्ष श्री शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारिक चुनौतियों से निपटने के लिए दवा व्यवसायियों की एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा, “अगर हम एकजुट रहेंगे तो सुरक्षित और मजबूत भी रहेंगे।” साथ ही, उन्होंने समाज के प्रति दायित्व को रेखांकित करते हुए कहा कि व्यवसाय में नैतिकता और नशा मुक्त सोच अपनाना वक्त की मांग है, ताकि आने वाली पीढ़ी एक जिम्मेदार नागरिक बन सके।

संघ के जिला सचिव अमिताभ मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापारियों का नहीं, बल्कि जनसामान्य की भलाई से जुड़ा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “यह आंदोलन भय और शोषण से मुक्ति दिलाने का माध्यम है।” उन्होंने साथियों से आग्रह किया कि वे सम्मानपूर्वक, मानसिक रूप से स्वस्थ और प्रलोभनमुक्त व्यापार करें।

फेडरेशन के मुख्य संरक्षक मृतुंजय शर्मा ने कहा कि संगठन अपने सदस्यों को पूर्ण सुरक्षा देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जब पूरा देश ठहर गया था, तब दवा व्यवसायी ही समाज की सेवा में सबसे आगे खड़े रहे। बावजूद इसके, उन्हें सराहना की जगह उपेक्षा और अपमान झेलना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे, तो फेडरेशन आंदोलन को और तेज करेगा।

बैठक में संरक्षक सतीश तिवारी, किशोर जैन, सुरेंद्र अग्रवाल, कंचन अग्रवाल, पवन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, कुलवंत नामधारी, मनोज सिन्हा, रवि अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, दिनेश प्रसाद, गौरी शंकर मिश्रा, अक्षय अग्रवाल, मून जी, सूरज अग्रवाल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, विक्की अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *