जेवरात चोरी में गर्भवती और बच्चों का गिरोह किया था खड़ा
मेदिनीनगर: पलामू में धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं के जेवरात चोरी करने वाले एक शातिर महिला गिरोह में एक महिला गर्भवती थीं, जिसे गिरफ्तारी के बाद जेल भेज दिया गया था। पलामू पुलिस ने कुछ दिन पूर्व ही इसका भंडाफोड़ किया था। यह गिरोह बेहद चालाकी से गर्भवती और बुजुर्ग महिलाओं के साथ-साथ छोटे बच्चों का इस्तेमाल कर घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और गोरखपुर की रहने वाली तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इनमें से दो महिलाएं बिहार के सासाराम की मूल निवासी हैं, जबकि एक महिला पलामू के जपला की रहने वाली बताई जा रही है। इस गिरोह में एक महिला जो गर्भवती थी उसका सफल प्रसव (डिलीवरी) मेदिनीनगर के MMCH अस्पताल में हुआ, डिलीवरी के बाद जच्चा और बच्चा दोनो स्वास्थ्य हैं।
भीड़-भाड़ में हाथ साफ करने की तरकीब :
गिरफ्तार महिलाओं ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि गिरोह की महिलाएं अलग-अलग समूहों में बंटी होती हैं। प्रत्येक समूह में गर्भवती या बुजुर्ग महिला को शामिल किया जाता है। ये महिलाएं धार्मिक स्थलों, मंदिरों और मेलों जैसे भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर मौका साधती हैं।
गिरोह की सदस्य महिलाएं पूजा सामग्री की डलिया (थाली) या हाथ में गमछा लेकर चलती हैं। जैसे ही मौका मिलता है, तौलिया या गमछे की आड़ में महिलाओं के गले से सोने की चेन और कीमती जेवर उतार लेती हैं।
बच्चों का इस्तेमाल ‘सप्लाई चेन’ में :
चोरी के बाद जेवरात गिरोह के साथ मौजूद बच्चों को थमा दिए जाते हैं। इन बच्चों को पहले से तय रूट और लोगों की पूरी जानकारी रहती है कि चोरी का सामान कहां पहुंचाना है।
गर्भवती और बुजुर्ग महिलाएं बनती हैं ‘ढाल’ :
गिरोह में गर्भवती और बुजुर्ग महिलाओं को इसलिए शामिल किया जाता है ताकि पकड़े जाने पर इन्हें ‘ढाल’ बनाया जा सके। पुलिस या आम लोग गर्भवती और बुजुर्गों के साथ मारपीट से परहेज करते हैं, और इसी का फायदा यह गिरोह उठाता है।
थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने दी जानकारी :
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया,
“गिरोह में पांच से छह महिलाएं होती हैं। चोरी के दौरान तौलिया या गमछा का इस्तेमाल किया जाता है। चोरी के बाद गर्भवती महिला को ढाल बनाया जाता है और बच्चों के जरिए जेवरात सुरक्षित स्थान तक पहुंचा दिए जाते हैं। पुलिस ऐसे गिरोहों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चला रही है।” पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में महिलाओं ने राहत की सांस ली है। वहीं, पुलिस ने आम लोगों से भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने की अपील की है।