मेदिनीनगर: डेडीकेटेड प्रीमियर स्कूल में रक्षाबंधन के पावन अवसर को ध्यान में रखते हुए जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए एक रंगारंग राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा नर्सरी से 1 तक के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

छात्रों ने अपनी रचनात्मकता, और संस्कृतिक भावनाओं का सुंदर प्रदर्शन किया :
छात्रों के अभिभावकों ने भी इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अपने बच्चों को प्रेरित किया जिसका स्कूल परिवार ने धन्यवाद किया। इस दौरान रंग-बिरंगी मोतियों, रिबन, गोटा, फोम शीट और अन्य सजावटी सामग्री का उपयोग करते हुए बच्चों ने बेहद आकर्षक और भावनाओं से भरी राखियाँ तैयार कीं। कुछ बच्चों ने पर्यावरण-संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए इको-फ्रेंडली राखियाँ भी बनाई।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य न केवल बच्चों में रचनात्मकता का विकास करना था, बल्कि उन्हें भारतीय परंपराओं और मूल्यों से भी जोड़ना था। निर्णायक मंडल ने बच्चों की मेहनत, कल्पनाशक्ति और प्रस्तुति को ध्यान में रखते हुए विजेताओं का चयन किया।
विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ श्वेता कुमारी ने सभी प्रतिभागियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि “बच्चों की कला में हमारी संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। इस तरह की प्रतियोगिताएँ बच्चों में आत्मविश्वास और पारंपरिक मूल्यों की समझ बढ़ाने में सहायक होती हैं।”
प्रतियोगिता के अंत में विजेताओं को चॉकलेट और मिठाईयां प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस आयोजन ने रक्षाबंधन के उत्सव को और भी खास और यादगार बना दिया।