गढ़वा : बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों ने अपनी समस्याओं को उनके समक्ष रखा। जनता की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने मौके पर ही संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवेदनों की प्रति को अग्रसारित करते हुए त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों में वहीं पर समाधान की दिशा में आवश्यक कदम भी उठाए गए।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है, और इसी उद्देश्य से नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है।
आज के जनता दरबार में सदर प्रखंड के कल्याणपुर निवासी परमानंद यादव, अरुण कुमार यादव, अनिल यादव, राजेंद्र यादव व अन्य ने आवेदन समर्पित करते हुए बताया कि कल्याणपुर के उक्त सभी ग्रामीणों के नाम से बिजली कनेक्शन उपलब्ध है परंतु उस गांव में बिजली का पोल, तार आदि विभाग की ओर से अभी तक नहीं लगाया गया है। जिसके कारण विद्युत कनेक्शन लेने के बावजूद भी उन्हें विद्युत आपूर्ति नहीं हो पाती है एवं कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मझिआँव प्रखंड के मंझीआँव निवासी मंजू देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए अनुकंपा के आधार पर जन वितरण प्रणाली दुकान की अनुज्ञप्ति प्रदान करने के संबंध में आवेदन समर्पित किया है। सदर प्रखंड के बलीगढ़ निवासी ताहिर हुसैन अंसारी ने कृषि ऋण माफी हेतु आवेदन पत्र समर्पित किया है।
उपायुक्त दिनेश कुमार यादव के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडो में भी दिन मंगलवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है।