मेदिनीनगर : पलामू के एक 22 वर्षीय युवक को उसकी प्रेमिका के परिजनों ने मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं हत्या को हादसा दिखाने के लिए आरोपियों ने शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़ दिया । हालांकि पुलिसिया जांच में खुलासा हुआ कि यह दुर्घटना नहीं कि बल्कि हत्या है। दरअसल, शनिवार तड़के मेदिनीनगर के जोगियाही में रेल ट्रैक किनारे एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला।

जिसकी पहचान 22 साल के अमरेंद्र सिंह उर्फ बबलू के रूप में हुई थी। पीड़ित परिवार के हत्या की आशंका जताने पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। इसके बाद चौंकाने वाला सच सामने आया। जांच में खुलासा हुआ कि बबलू का पिछले पांच साल से एक लड़की के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। साल 2022 में उस लड़की की शादी उसके परिवार ने किसी और से करा दी, बावजूद इसके दोनों एक-दूसरे से लगातार मिलते रहे। जो कि लड़की के घरवालों को बिल्कुल मंजूर नहीं था। परिवार लगातार इस रिश्ते को खत्म करने का उन पर दबाव बना रहा था।

जांच में पता चला कि 15 अगस्त की रात बबलू अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर गया था। तभी लड़की के परिवार के लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने बबलू को पकड़कर घर के भीतर खींच लिया। इसके बाद रस्सी और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या को छिपाने के उद्देश्य से शव को रात में रेलवे ट्रैक पर डाल दिया।
जिससे यह हादसा लगे।16 अगस्त की सुबह जब रेलवे ट्रैक पर बबलू का शव दो हिस्सों में बंटा मिला तो आसपास हड़कंप मच गया। पुलिस ने लड़की के परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी और गमछा भी जब्त कर लिया। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया।