मेदिनीनगर : शुक्रवार को जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के तहत मेदिनीनगर के टाउन हॉल में  जल सहियाओं एवं मुखियाओं संग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रधान महासचिव मस्त राम मीणा ने कहा कि हमारे समाज में किसी भी व्यक्ति या परिवार की पहचान उसके घर से होती है और कोई भी अपना घर को स्वच्छ रखना चाहता है,बस इसी सोच के साथ हम अपने गांव,पंचायत,जिले,राज्य और देश को अपना घर मानकर चलेंगे तो हम स्वच्छता की दिशा में अव्वल रहेंगे।

इन दिनों मुख्य रूप से बीमारी का कारण दूषित पेयजल और भोजन का है अगर हम शुद्ध और स्वच्छ जल और भोजन ग्रहण करेंगे तो ना जाने कई बीमारियों से बचे रहेंगे।यह बातें पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के प्रधान महासचिव मस्त राम मीणा ने कही।

उन्होंने कहा कि इतिहास काल में तालाबों,कूप या प्राकृतिक झरना से पानी पीया जाता था लेकिन अब यह पानी पीने योग्य नहीं है।उन्होंने कहा कि इन जलस्रोतों को दूषित करने में मानव का ही हाथ रहा है इसलिए इसे दुरुस्त भी हमसबों को ही करना है।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण योजनाओं को अगले 5 साल तक चलाने की जिम्मेदारी संबंधित संवेदक की होती है।ऐसे में आपके यहाँ जल जीवन मिशन के तहत योजनाओं में कुछ खराबी आती है तो संबंधित संवेदक के जरिए इसे ठीक कराया जा सकता है।उन्होंने कहा कि यह संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जागरूकता ही है।

जेजेएम के अभियान निदेशक रमेश घोलप ने कहा कि वर्ष 2019 में 15 अगस्त के दिन जेजेएम की शुरुआत की गयी थी।इन छःवर्षों में बहुत कार्य हुए व कई कार्य होने है।राज्य के 62.5 लाख परिवारों के घरों में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया था जिसके विरुद्ध 55 प्रतिशत कार्य कर लिया गया है।

इसी तरह जिले में 3 लाख 65 हज़ार परिवारों के घरों में जेजेएम के तहत कार्य किया जाना है जिसमें अबतक 53 प्रतिशत लक्ष्य को हासिल कर लिया गया है।उन्होंने मुखियाओं व जल सहियाओं को योजनाओं के पूर्ण होने के पश्चात हैंडओवर की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

वहीं उपायुक्त ने सभी मुखियाओं व सहियाओं से कहा कि आपके गांव-घर में यह योजनाएं संचालित की जाती हैं,यह सही से क्रियान्वित हो रहा है या नहीं,आपसे बेहतर कोई नहीं बता सकता है। आज इस कार्यक्रम में विभाग के नेतृत्वकर्ता आपके समक्ष हैं,पेयजल से जुड़े किसी भी बिंदुओं को इनसे साझा किया जा सकता है।

कार्यक्रम में कई पंचायत के मुखिया और जलसहिया ने अपने अनुभव साझा किये।इसके पूर्व सभी पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन ने किया।

ये रहे उपस्थित : 

मौके पर उपरोक्त के अलावे स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक मनोहर मरांडी,मुख्य अभियंता अनिल प्रसाद,प्रभात कुमार,पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता,जिला पंचायती राज पदाधिकारी विनय श्रीवास्तव,सभी बीडीओ,पंचायत सचिव समेत बड़ी संख्या में जल सहिया एवं मुखियागण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *