चतरा : शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में उपायुक्त कीर्तिश्री की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से बड़ी संख्या में आमजन अपनी समस्याओं और शिकायतों के साथ उपस्थित हुए।

उपायुक्त ने आमजनों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य यही है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार भटकना न पड़े और प्रशासनिक स्तर पर उन्हें समयबद्ध राहत मिले।
आज भूमि विवाद, राशन कार्ड निर्गत एवं सुधार, शिक्षा विभाग से जुड़े विषय, अबुआ आवास योजना से संबंधित शिकायतें, दिव्यांगजनों के लिए ट्राईसाइकल उपलब्ध कराने की मांग, सड़क एवं बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे, मईया सम्मान योजना तथा वृद्धा पेंशन से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
जनता दरबार के सफल संचालन में जनशिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी सह जिला क्रीड़ा पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने प्राप्त शिकायतों के पंजीकरण एवं वर्गीकरण की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। इससे शिकायतों के त्वरित संकलन और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने में सुविधा मिली।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि जनता को त्वरित राहत मिल सके। उपस्थित आमजनों ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि जनता दरबार से उन्हें अपनी समस्याएं सीधे शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी तक पहुँचाने का अवसर मिलता है, जिससे समाधान की उम्मीद और भी प्रबल होती है।