गढ़वा : डंडई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, पुलिस को 31 अगस्त 2025 को गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से जरही-तसरार की ओर घूम रहे हैं और किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर थाना प्रभारी पु०अ०नि० अनिमेष शातिंकारी के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया।

छापामारी के दौरान पुलिस ने तसरार मोड़ के पास संदिग्ध स्थिति में एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को देखा। पुलिस को देखते ही दोनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान रंजीत कुमार पासवान (उम्र 21 वर्ष, पिता स्व. जवाहीर पासवान, सा०+पो० जरही, थाना डंडई, जिला गढ़वा) और गौहर अली (उम्र 22 वर्ष, पिता मोहम्मद वाजुद्दीन अंसारी, सा० बाना जाँध, पो० पेस्का, थाना मेराल, जिला गढ़वा) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान एक अवैध देशी पिस्टल, बिना नम्बर की मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में रंजीत कुमार पासवान ने रारो, जरही और झोंतर गांव स्थित दुकानों में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि यह चोरी आशीष जयसवाल, हसनैन अंसारी, मुकेश चन्द्रवंशी (ये तीनों आरोपी 25 अगस्त को गिरफ्तार होकर न्यायिक हिरासत में हैं) और एक अन्य अपराधी के साथ मिलकर की थी। इसके अलावा रंजीत ने डंडई थाना क्षेत्र से कई जगह बकरी चोरी करने की भी बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने छह चोरी किए गए बकरी भी बरामद कर लिए।