भोगु रोड पर कनेक्टिंग रोड और डिवाइडर की मांग, ग्रामीणों का आक्रोश
पलामू : एनएच प्रशासन द्वारा बनाए जा रहे भोगु से संखा रोड में अनियमितताओं को लेकर जनता का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। डिवाइडर के अभाव में हो रही परेशानी और मुआवजा भुगतान में देरी को लेकर इंटक के प्रदेश सचिव सह सामाजिक कार्यकर्ता विवेकानंद त्रिपाठी ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो जन आंदोलन होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी एनएच प्रशासन की होगी।

जनसभा को संबोधित करते हुए त्रिपाठी ने कहा कि पंचायत के दोनों ओर बसे गांवों को जोड़ने के लिए उचित स्थानों पर डिवाइडर और कनेक्टिंग रोड की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि लहल्हे चौक से चारमुहान होते हुए लेस्लीगंज मुख्य सड़क और भोगु-बारी मुख्य पथ पर प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं, बावजूद इसके एनएच अथॉरिटी ने यहां डिवाइडर नहीं बनाया है। साथ ही कई जगहों पर मनमाने ढंग से कनेक्टिंग रोड का डीपीआर तैयार किया गया है, जिसमें तत्काल सुधार जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि सदर प्रखंड समेत अन्य रैयतों को अब तक मुआवजा नहीं दिया गया है। यदि प्रशासन इस पर शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है तो मजबूरन जनता को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। मौके पर कांग्रेस नेता रविंद्र नाथ तिवारी, अनूप तिवारी, सुभाष तिवारी, राणा सिंह, देवेंद्र सिंह, कामाख्या सिंह, मुन्ना सिंह, सुधीर सिंह, अनिरुद्ध तिवारी, इंद्रमणि तिवारी, प्रवीण तिवारी, जितेंद्र राम, विष्णु चौधरी, शम्भू साव, रिंकू चौधरी, ब्रजेश पांडे समेत कई ग्रामीण शामिल हुए।