गढ़वा : प्रत्येक बुधवार को आयोजित होने वाले “कॉफी विद एसडीएम” कार्यक्रम की अगली कड़ी में एसडीएम ने इस बार मिट्टी की मूर्ति बनाने वाले मूर्तिकार / शिल्पकारों का आमंत्रण दिया है। एसडीएम इन कलाकारों से कॉफी पर अनौपचारिक संवाद करेंगे। संवाद के दौरान शिल्पकारों के कार्यों, परंपरा, कला-संरक्षण, बाजार उपलब्धता, सरकारी योजनाओं से जुड़ाव और उनकी कठिनाइयों एव चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।

इस संंबंध में एसडीएम ने बताया कि वैसे तो गढ़वा क्षेत्र में मूर्ति बनाने के लिए ज्यादातर बंगाल या अन्य इलाकों से कारीगर आते हैं। लेकिन उन्हें जानकारी मिली है कि बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकार भी मूर्ति बनाने का काम करते हैं लेकिन उनकी कला अभी गुमनामी में ही है। इसलिए स्थानीय कलाकारों को एक मंच देने के लिए तथा उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए उनके सुझाव जरूरी है।

उन्होंने बताया कि गणेश पूजा, विश्वकर्मा पूजा, दुर्गा पूजा, सरस्वती पूजा आदि के लिए बहुत सारे स्थानीय कलाकार भी अपने हाथ के हुनर से मिट्टी को खूबसूरत आकार देकर उन्हें देवी देवताओं की आकृति में गढ़ते हैं साथ ही रथ और पंडाल आदि का भी निर्माण करते हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सप्ताह प्रस्तावित इस संवाद से न केवल स्थानीय शिल्पकारों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि उनकी कला को भी नई पहचान मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *