गढ़वा : विगत दिनों जिले में व्यवसायी पीयूष गुप्ता के घर के पास अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। अब इस कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए रवि तिवारी गिरोह के सक्रिय सदस्य अनुज कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा भी बरामद किया है।

क्या है मामला :

दरअसल, 5 सितंबर की शाम 6 बजकर 50 मिनट पर दुर्दांत अपराधी रवि तिवारी ने अपने गिरोह के साथ मिलकर जान मारने की नीयत से व्यवसायी के घर फायरिंग की थी। इस संबंध में गढ़वा थाना कांड संख्या 403/25 दिनांक 7 सितंबर 2025 धारा 109(1), 308(4), 351(2), 352, 3(5) बीएनएस और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया, जिसमें चिरंजीवी मंडल प्रोबेशनर पुलिस उपाधीक्षक गढ़वा, पु0नि0 सह थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी, पु0अ0नि0 अविनाश राज, पु0अ0नि0 गुलशन कुमार गौतम, पु0अ0नि0 सुबोध बड़ाइक, पु0अ0नि0 प्रदीप केशरी, स0अ0नि0 अभिमन्यु सिंह, ह0 नागेंद्र दीक्षित और आ0 मनोज कुमार यादव शामिल थे।

जांच में पता चला कि घटना से पहले अनुज तिवारी ने अपने मोबाइल से पीयूष गुप्ता को धमकी भरा कॉल किया था। अनुज ने स्वीकार किया कि वह रवि तिवारी गैंग का सदस्य है, जिसका मुख्य कार्य गढ़वा में भय और दहशत का माहौल बनाकर रंगदारी वसूलना है।

उसने बताया कि 5 सितंबर को रवि तिवारी महिंद्रा केयूवी (नंबर JH 03 P 9247) से आया और उसके साथ पहले से कार में बैठे रोहित तिवारी पिता सतेंद्र तिवारी निवासी मढ़टीया खड़िया टोला, गौरव तिवारी पिता स्व. पंकज तिवारी निवासी बगही और रूपेश तिवारी उर्फ बिट्टू तिवारी पिता चितरंजन तिवारी निवासी तिवारी मरहटिया के साथ मिलकर पीयूष गुप्ता के घर पर फायरिंग की गई।

वारदात के बाद गिरोह बाईपास होते हुए मरहटिया भाग निकला, जहां रवि तिवारी ने अनुज को एक देसी कट्टा गिफ्ट के तौर पर दे दिया। 7 सितंबर को शाम 5 बजकर 20 मिनट पर अनुज तिवारी के घर में ट्रंक के नीचे से वही कट्टा बरामद हुआ, जिसके आधार पर गढ़वा थाना कांड संख्या 405/25 दिनांक 7 सितंबर 2025 धारा 25 (1-b)a, 26, 35, 25(6) आर्म्स एक्ट के तहत दूसरा मामला दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *