आदि कर्मयोगी अभियान के तहत जिले में ग्राम भ्रमण एवं विलेज एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है
आदि कर्म योगी अभियान को लेकर प्रखंड, पंचायत स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का किया जा रहा है आयोजन
लातेहार : उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया जा रहा है। इस दौरान ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं को समझते हुए विलेज एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारकर जनजातीय समुदाय को मूलभूत सुविधाओं से आच्छादित किया जा सके।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि विलेज एक्शन प्लान बनाते समय ग्रामीण आबादी की आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। योजनाओं में विशेष रूप से बिजली, पानी, स्वास्थ्य, सड़क, खेल का मैदान, बाजार जैसी आधारभूत सुविधाओं एवं सामाजिक विकास के पहलुओं को शामिल किया जाए।
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सरकार द्वारा इसके लिए पर्याप्त बजट की व्यवस्था की जाएगी तथा जनजातीय आबादी के सशक्तिकरण और उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।