मेदिनीनगर : मेदिनीनगर के बैरिया चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में सेंधमारी किया गया है। हालांकि अपराधियों को इसमें सफलता नहीं मिली है। बैंक से अपराधी कैश या किसी तरह का सामान ले जाने में विफल रहे। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसमें एक मात्र अपराधी नजर आ रहा है, जिसने मास्क पहन रखा है।

मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय स्टेट बैंक के बैरिया चौक स्थित शाखा के पिछले हिस्से से सेंधमारी की गई है। सेंधमारी कर अपराधी बैंक के अंदर दाखिल हुए थे। इस दौरान अपराधियों ने बैंक के सिक्योरिटी सिस्टम को सबसे पहले नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। इस क्रम में बैरिया चौक शाखा से जुड़ी हुई एटीएम का लिंक कट गया।

जिसके बाद मामले की जानकारी बैंक के अधिकारियों को मिली और बैंक अधिकारियों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। अपराधी बैंक के सिक्योरिटी सिस्टम को तोड़ नहीं पाए जिससे उन्हें सफलता नहीं मिल पाई। इधर, मामले की जानकारी मिलने पर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
पुलिस की जांच में पता चला कि अपराधियों ने सेंधमारी और सिक्योरिटी सिस्टम को नुकसान पहुंचाने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया था। टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक के बैरिया चौक स्थित शाखा में सेंधमारी की कोशिश हुई है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। वहीं भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक विवेकानंद ने बताया कि एटीएम का लिंक टूट गया था।