मेदिनीनगर : उपायुक्त कीर्तिश्री ने आज जिले के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अवसंरचना परियोजनाओं निर्माणाधीन ब्लड बैंक एवं तैयार डीईआईसी (District Early Intervention Centre) भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लड बैंक के निर्माण कार्य की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं संवेदक को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं :
इस दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े इन महत्त्वपूर्ण भवनों के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता वाले निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।
समय पर कार्य नहीं पूर्ण होने पर कार्रवाई की चेतावनी :
निरीक्षण के दौरान संवेदक द्वारा रखी गई समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए विभागीय अधिकारियों को समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर कार्य पूर्ण नहीं करने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक भवन के पूर्ण हो जाने से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ता मिलेगी तथा मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में बड़ी सुविधा होगी।
उपायुक्त ने बनकर तैयार डीईआईसी भवन का भी जायजा लिया और वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं उपकरणों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। साथ ही, जिले में कैंसर उपचार की संभावनाओं को लेकर आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों के बारे में सिविल सर्जन से जानकारी प्राप्त की।
ये रहे उपस्थित :
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त अमरेंद्र सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश प्रसाद, नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहें।